सियालदाह कोर्ट के बाहर संजय रॉय का बड़ा दावा
आरजी कर केस में फिर गरमाई “बड़ी साज़िश” की बहस
Published on: May 16, 2026
By: BTNI
Location: Kolkata, India
आर जी कर मेडिकल कॉलेज में जूनियर महिला डॉक्टर के रेप और मर्डर मामले में एक बार फिर सनसनी फैल गई है। सियालदह कोर्ट से ले जाते समय मुख्य आरोपी संजय राय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पूर्व कोलकाता पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल पर गंभीर आरोप लगाते दिखाई दे रहा है।
वीडियो में संजय रॉय यह कहते सुनाई दे रहा है कि, “मैं आपको बता रहा हूं कि यह विनीत गोयल थे जिन्होंने आरजी कर रेजिडेंट डॉक्टर के रेप और मर्डर की साज़िश रची और मुझे फंसाया… अभी बहुत से राज खुलने बाकी हैं।”
इस बयान के सामने आने के बाद पूरे मामले में “लार्जर कांस्पिरेसी” यानी बड़ी साज़िश की चर्चा फिर तेज हो गई है। हालांकि संजय रॉय के दावों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच एजेंसियों ने भी इस पर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज में अगस्त 2024 में ऑन-ड्यूटी महिला डॉक्टर का शव मिलने के बाद देशभर में भारी आक्रोश देखने को मिला था। इस मामले में संजय रॉय को गिरफ्तार किया गया और बाद में सियालदह कोर्ट ने उसे दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। पीड़िता के परिजनों ने लगातार यह आरोप लगाया कि इस हत्याकांड के पीछे केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक “बड़ी साज़िश” हो सकती है। इसी आधार पर उन्होंने अदालत में कई बार व्यापक जांच की मांग की।
हाल के दिनों में इस केस में नए मोड़ भी सामने आए हैं। खबरों के अनुसार, आरजी कर मामले की जांच में कथित लापरवाही को लेकर तीन आईपीएस अधिकारियों को निलंबित किए जाने की जानकारी भी सामने आई है, जिनमें पूर्व पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल का नाम भी शामिल बताया गया।

कलकत्ता हाईकोर्ट ने भी सीबीआई को संजय रॉय से दोबारा पूछताछ करने की अनुमति दी है और “लार्जर कांस्पिरेसी” के एंगल पर आगे जांच की संभावना खुली रखी है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद अब यह मामला फिर राजनीतिक और जनचर्चा के केंद्र में आ गया है। कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या इस केस में अभी भी ऐसे तथ्य छिपे हैं जो सामने आना बाकी हैं, जबकि कुछ लोग इसे दोषी द्वारा खुद को बचाने की कोशिश भी बता रहे हैं।
फिलहाल पूरे देश की नजर अब सीबीआई जांच और अदालत की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। अगर संजय रॉय के दावों में कोई तथ्य पाया जाता है, तो आरजी कर केस में आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
ALSO READ-
- Rajnandgaon Municipal Corporation Intensifies Efforts to Improve Civic Amenities and Urban Infrastructure
- Ghumka Nagar Panchayat Election Concludes Peacefully Under Tight Security Arrangements
- Good Governance Camp Brings Relief to Villagers Across 13 Gram Panchayats in Patpar Cluster
- BJP to Hold Two-Day ‘Pandit Deendayal Upadhyay Training Campaign’ in Rajnandgaon from June 2
- Democracy Celebrated in Ghumka as Polling Concludes Peacefully with Record 95.36% Voter Turnout



