कुमुराड़ी क्षेत्र में नक्सलियों का हथियार व विस्फोटक डंप बरामद, बड़े हमले की साजिश नाकाम
Published on: February 27 2026
By: BTNI
Location: Narayanpur, India
छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में चलाए जा रहे लगातार सघन अभियान के दौरान नारायणपुर जिले के अतिसंवेदनशील कुमुराड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक एवं युद्ध सामग्री बरामद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नक्सल गतिविधियों की विश्वसनीय सूचना मिलने पर जिला पुलिस बल, आईटीबीपी एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अभियान के दौरान घने जंगलों में छिपाए गए नक्सलियों के डंप स्थल का पता लगाया गया।
भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त —
सुरक्षाबलों को मौके से बड़ी मात्रा में घातक सामग्री बरामद हुई, जिनमें शामिल हैं —
इम्प्रोवाइज्ड रॉकेट लॉन्चर
बीजीएल लॉन्चर एवं राउंड
हैंड ग्रेनेड
मोर्टार सेल
लगभग 35 किलो विस्फोटक सामग्री
प्राइमा कॉर्ड एवं सेफ्टी फ्यूज
डेटोनेटर एवं इलेक्ट्रिक वायर
नक्सल उपयोग की दैनिक सामग्री
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार बरामद सामग्री का उपयोग सुरक्षाबलों पर बड़े हमले की योजना के तहत किया जाना था, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।
Also read- https://www.btnewsindia.com/demo-of-democracy-the-unique-chhattisgarh-model/ https://www.btnewsindia.com/demo-of-democracy-unique-chhattisgarh-model-2/
नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका
बताया जा रहा है कि कुमुराड़ी क्षेत्र अबूझमाड़ इलाके से जुड़ा संवेदनशील जोन है, जहां नक्सली लंबे समय से अपनी गतिविधियां संचालित करते रहे हैं। हथियार डंप की बरामदगी से नक्सली संगठन की लॉजिस्टिक क्षमता को बड़ा नुकसान पहुंचा है।
लगातार बढ़ रहा सुरक्षाबलों का दबाव—-
बस्तर संभाग में चल रहे निरंतर ऑपरेशन, मुठभेड़, गिरफ्तारी एवं आत्मसमर्पण की बढ़ती घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि नक्सली संगठन कमजोर पड़ रहा है। सुरक्षा बलों की बढ़ती मौजूदगी से नक्सलियों की गतिविधियां सीमित होती जा रही हैं।
जल्द नक्सलमुक्त होगा छत्तीसगढ़——–
सरकारी सूत्रों के अनुसार केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयास, आधुनिक रणनीति और स्थानीय जनसहयोग के चलते छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। आने वाले समय में ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा।



