जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
Published on: May 25, 2026
By: BTNI
Location: Rajnandgaon, India
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को आई जी (पुलिस महानिरीक्षक) बालाजी सोमोराव को ज्ञापन सौंपकर जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राजनांदगांव में अवैध कारोबार, शराब तस्करी, चोरी की घटनाएं और कथित भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहा है।
ज्ञापन में कांग्रेस ने हाल ही में वायरल हुए कथित ऑडियो का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सहायता अथवा शिक्षा अनुदान राशि के नाम पर वसूली और कमीशनखोरी जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ऑडियो में प्रभावशाली राजनीतिक पहुंच का उपयोग कर लोगों से पैसे लिए जाने जैसी बातें सुनाई दे रही हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
कांग्रेस ने सरकारी शराब दुकानों में आम नागरिकों के साथ पुलिस द्वारा कथित दुर्व्यवहार और कार्रवाई के वायरल वीडियो पर भी सवाल उठाए। नेताओं ने कहा कि जब शराब दुकानें स्वयं सरकार संचालित कर रही है, तो वहां शराब खरीदने पहुंचे लोगों को पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा परेशान करना उचित नहीं है।
ALSO READ-
- Jan Darshan Aims to Ensure Swift Grievance Redressal and Last-Mile Delivery of Welfare Schemes: Neelu Sharma
- Retired Engineer Ramratan Sinha Passes Away; Rajnandgaon Mourns the Loss of Senior Citizen
- Collector Calls for Dedicated Efforts to Reduce Maternal and Infant Mortality in Rajnandgaon
- Basantpur Police Recover 25 Lost Mobile Phones Worth ₹3.75 Lakh, Return Them to Owners
- 87-Year-Old Jagannath Rath Yatra Draws Thousands of Devotees in Rajnandgaon
ज्ञापन में जिले में दूसरे राज्यों से हो रही अवैध शराब तस्करी का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस का आरोप है कि जिले की सीमाओं से अवैध शराब का कारोबार खुलेआम संचालित हो रहा है, लेकिन संबंधित एजेंसियां ठोस कार्रवाई नहीं कर रही हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि मिलावटी अथवा अवैध शराब किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है और यह केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि सामाजिक अपराध भी है।
कांग्रेस नेताओं ने शहर के मानव मंदिर चौक स्थित गणेश मेडिकल स्टोर में लगातार चोरी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि एक ही प्रतिष्ठान में बार-बार चोरी होना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उनका कहना था कि अपराधियों में पुलिस का भय समाप्त होता दिखाई दे रहा है।
कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाए, वायरल ऑडियो और अवैध कारोबार की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह कमजोर पड़ती जा रही है।



