दो दिन नगर प्रवास पर रहेंगे विधानसभा अध्यक्ष
धार्मिक गीतों के सिरमौर व बालीवुड फिल्म बाहुबली फेम कैलाश खेर के गीतों में झूमेगी संस्कारधानी
Published on: October 13, 2025
By: BTNI
Location: Rajnandgaon, India
संस्कारधानी राजनांदगांव में 15 अक्टूबर को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का 73वां जन्मदिन उल्लास और उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस विशेष अवसर पर डॉ. सिंह दो दिन के नगर प्रवास पर रहेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
भाजपा और समाजिक संस्थाओं की विशेष तैयारियाँ जिला भाजपा सहित कई सामाजिक संस्थाएँ अपने लाडले विधायक और लोकप्रिय जननायक डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन को यादगार बनाने में जुटी हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने बताया कि समारोह की शुरुआत 51 वार्डों में स्वच्छता अभियान और 71 गांवों में वृक्षारोपण कार्यक्रम से होगी। दो दिनों तक नगर में विविध सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी।

शिवनाथ वाटिका में होगा सम्मान समारोह मठपारा स्थित शिवनाथ वाटिका में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राजनांदगांव के अलावा अन्य जिलों से भी हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। जिला महामंत्री सौरभ कोठारी ने बताया कि डॉ. सिंह ने अपने समर्थकों से आग्रह किया है कि जन्मदिन पर उपहार या बड़े पुष्पगुच्छ न लाएँ, बल्कि समाज सेवा के कार्यों में सहभागी बनें। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव भी उपस्थित रहेंगे। इसके बाद स्पीकर हाउस राजनांदगांव में प्रदेशभर से आए प्रबुद्ध नागरिकों एवं वरिष्ठ भाजपा नेताओं की मौजूदगी में जन्मदिन समारोह संपन्न होगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रहेंगे शामिल शाम को स्पीकर हाउस में आयोजित रात्रिभोज कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित मंत्रिमंडल के सदस्य भी शामिल होंगे। गत वर्ष इस अवसर पर प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास ने कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति से समां बाँधा था और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय देर रात तक कार्यक्रम में बने रहे थे। इस वर्ष भी मुख्यमंत्री का पूर्ण समय तक उपस्थित रहना तय है।
दिव्यांगों और स्वच्छता दीदियों से विशेष भेंट अपने नगर प्रवास के दूसरे दिन यानी 16 अक्टूबर को डॉ. रमन सिंह दिव्यांग बच्चों और स्वच्छता दीदियों के साथ भी जन्मदिन का आनंद साझा करेंगे। इसी दिन वे अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में निर्मित जिम का उद्घाटन तथा गौरव पथ स्थित प्रयास विद्यालय के नवनिर्मित भवन का शुभारंभ भी करेंगे।
कैलाश खेर के सुरों से गूंजेगी शहर की रात
जन्मदिन समारोह का आकर्षक मुख्य आकर्षण होगा कैलाश खेर नाइट। स्टेट हाई स्कूल मैदान में युवा वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस संगीतमय शाम में बॉलीवुड गायक कैलाश खेर अपनी प्रस्तुति देंगे। फाउंडेशन के अध्यक्ष भावेश बैद ने बताया कि बाहुबली फिल्म की तर्ज पर विशाल मंच और भव्य लाइटिंग के बीच हजारों की संख्या में नागरिक, कार्यकर्ता और समर्थक डॉ. रमन सिंह को शुभकामनाएं देने जुटेंगे। राजनांदगांव का यह ऐतिहासिक आयोजन न केवल जन्मदिन का उत्सव होगा, बल्कि शहर की संस्कृति, ऊर्जा और जन-आस्था का भी अद्भुत संगम बनेगा।

कैलाश खेर की सादगी, भक्ति और संगीत की गहराई बनेगी समारोह की पहचान — कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बनने जा रहे गायक कैलाश खेर संगीत जगत में सादगी, भक्ति और आत्मीय गहराई के प्रतीक हैं। बेहद साधारण परिस्थितियों से उठकर उन्होंने अपनी आवाज़, शब्दों की गहराई और भावनात्मक प्रस्तुति से लाखों दिलों में स्थान बनाया है। भोलेनाथ के अनन्य भक्त कैलाश खेर ने सनातन संस्कृति, भक्ति और जीवन दर्शन पर एक से बढ़कर एक गीत न केवल गाए, बल्कि स्वयं रचे भी हैं। उनका हर सुर श्रद्धा और संवेदना से भरा होता है। उनकी लोकप्रियता का आरंभ प्रसिद्ध गीत “अल्लाह के बंदे” से हुआ, जिसने उन्हें देश-विदेश में नई पहचान दिलाई।
इसके बाद ‘बाहुबली’ जैसी फिल्मों में उनके स्वर ने गहराई और ओज का नया आयाम दिया। ‘कौन है वो, कौन है वो’ जैसे गीतों ने उन्हें हर पीढ़ी में अमर बना दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर आम श्रोता तक, सभी वर्गों में वे समान रूप से प्रिय हैं। उनका संगीत भाव में डूबा हुआ है — जहाँ आज की पीढ़ी चेहरे पर भाव दिखाती है, वहीं कैलाश खेर की आवाज़ में भाव बोलता है। डॉ. रमन सिंह जैसे गंभीर, सहज और संस्कारनिष्ठ व्यक्तित्व के जन्मदिन समारोह में कैलाश खेर का गायन न केवल उत्सव का आकर्षण बनेगा, बल्कि भक्ति, संस्कृति और जनभावना का अद्भुत संगम भी रचेगा।
Also read- https://www.btnewsindia.com/speaker-dr-raman-singh-to-inaugurate-prayas-residential-school-in-rajnandgaon/ https://www.btnewsindia.com/congress-to-hold-lockdown-and-protest-on-october-13-over-sharp-power-tariff-hike-in-chhattisgarh/