बीज उपचार, जैविक उत्पाद निर्माण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण सहित कृषि तकनीकों की दी गई जानकारी, किसानों में दिखा उत्साह
Published on: June 03, 2025
By: BTNI
Location: Rajnandgaon, India
भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के संयुक्त तत्वावधान में खरीफ पूर्व विकसित कृषि संकल्प अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के मार्गदर्शन में राजनांदगांव जिले में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।
राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम गठुला और भेड़ीकला, छुरिया विकासखंड के ग्राम जोब और पंडरापानी तथा डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम खैरा और सहसपुर में यह शिविर आयोजित हुए। इन शिविरों में किसानों को बीज उपचार, जैविक खाद निर्माण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और कृषि की नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी गई।
किसानों को 17% नमक घोल द्वारा धान बीज उपचार की प्रक्रिया समझाई गई, जिससे फसल की गुणवत्ता एवं उत्पादकता में सुधार होता है। इसके साथ ही जैविक खाद एवं सूक्ष्म तत्वों के उपयोग के लाभ बताए गए। अधिकारियों ने बताया कि रासायनिक उर्वरकों की तुलना में जैविक खाद मृदा की उर्वरता को बनाए रखती है और पर्यावरण को सुरक्षित रखती है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आता है और फसल उत्पादन में वृद्धि होती है।
Also read- https://www.btnewsindia.com/https-btnewsindia-com-news-vidhan-sabha-adhyaksh-dr-raman-singh-participates-in-various-programs-in-rajnandgaon/ https://www.btnewsindia.com/https-btnewsindia-com-rajnandgaon-public-well-cleaning-before-rain-2025/
शिविरों में कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीरम बाई मंडावी, जनपद सदस्य श्रीमती सुनीता दुग्गा, श्रीमती राधिका, ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को प्रचार-प्रसार सामग्री भी वितरित की गई और कृषि से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर खुली चर्चा हुई। उपस्थित किसानों ने जैविक खेती की दिशा में रुचि दिखाई और इसे अपनाने का संकल्प लिया।