Published on: February 25, 2026
By: BTNI
Location: Coimbatore/Rajnandgaon, India
छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का आज तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित अस्पताल में कमर संबंधी (स्लिप डिस्क) का सफल ऑपरेशन संपन्न हुआ। स्वयं डॉ. सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि चिकित्सकों के परामर्श अनुरूप वे स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं और शीघ्र ही पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर जनसेवा में पुनः सक्रिय होंगे। उन्होंने शुभेच्छुओं के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

डेढ़-दो महीने से चल रही थी समस्या
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार विगत डेढ़ से दो महीनों से डॉ. रमन सिंह स्लिप डिस्क की समस्या से जूझ रहे थे। चिकित्सकों ने उन्हें अधिक चलने-फिरने और सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बनाने की सलाह दी थी। बावजूद इसके, अपने विधानसभा क्षेत्र राजनांदगांव और प्रदेश की जनता के आग्रह को वे टाल नहीं पाते थे और लगातार अपने क्षेत्र सहित प्रदेश के अन्य स्थानों का वे दौरा करते रहे।
सीमित शारीरिक क्षमता के बावजूद वे महत्वपूर्ण आयोजनों में शामिल होते रहे। 26 जनवरी के अवसर पर राजनांदगांव में ध्वजारोहण कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति ने लोगों को भावुक कर दिया था। कई सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में भी वे स्वास्थ्य चुनौतियों के बावजूद पहुँचे।
उनकी यह समस्या विधानसभा चुनाव 2024 के चुनाव के पूर्व से शुरू है और चुनाव प्रचार के दौरान भी उन्होंने निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सीमित घंटों में जनसंपर्क किया, लेकिन जनता का स्नेह और विश्वास उनके साथ बना रहा और वे भारी मतों से विजयी हुए थे।
Also read- https://www.btnewsindia.com/budget-gives-new-momentum-to-cooperative-sector-and-farmers-welfare-sachin-singh-baghel/ https://www.btnewsindia.com/budget-empowers-farmers-interests-strengthens-rural-economy-mulchand-lodhi/
जनता की चिंता और दुआएं ——–
राजनांदगांव ही नहीं, पूरे छत्तीसगढ़ में उनके स्वास्थ्य को लेकर लगातार चिंता व्यक्त की जा रही थी। डॉ. रमन सिंह को प्रदेश के सर्वमान्य और लोकप्रिय नेताओं में गिना जाता है। उनके प्रति लोगों का आत्मीय लगाव इस बात से भी झलकता है कि स्वास्थ्य संबंधी खबरों के बीच लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थनाएं कर रहे थे।
आज ऑपरेशन सफल होने की सूचना मिलते ही राजनांदगांव सहित प्रदेशभर में समर्थकों और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली। सोशल मीडिया पर बधाइयों और शुभकामनाओं का तांता लग गया।
15 वर्षों तक मुख्यमंत्री रहने का अनुभव ——
डॉ. रमन सिंह 15 वर्षों तक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहे हैं और वर्तमान में राजनांदगांव से विधायक हैं। विधानसभा अध्यक्ष के रूप में वे सदन का संचालन कर रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनके अनुभव और शालीन व्यक्तित्व के कारण विधानसभा संचालन में संतुलन और गरिमा दिखाई देती है।

विधानसभा सत्र के बीच उनका ऑपरेशन होना महत्वपूर्ण माना जा रहा है, लेकिन अब उनके स्वस्थ होने की खबर से यह उम्मीद जताई जा रही है कि वे शीघ्र ही पुनः अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
जनता की भावना: “डॉक्टर साहब स्वस्थ रहें”
राजनांदगांव की जनता का कहना है कि डॉ. रमन सिंह केवल जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य जैसे हैं। उनके स्वस्थ होने की खबर ने पूरे क्षेत्र को संतोष और खुशी दी है। लोगों को विश्वास है कि वे जल्द ही पूर्ण ऊर्जा के साथ जनता के बीच लौटेंगे और प्रदेश के विकास तथा विधानसभा संचालन में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।



