29 मई से 12 जून तक चलेगा ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’, वैज्ञानिक अनुसंधान सीधे पहुंचेंगे किसानों के खेतों तक
Published on: May 20, 2025
By: BTI
Location: New Delhi, India
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खेती को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार अब ‘लैब टू लैंड’ की अवधारणा को साकार करने के लिए तेजी से काम कर रही है। इस पहल का उद्देश्य वैज्ञानिक अनुसंधानों को सीधे किसानों के खेतों तक पहुंचाना है, ताकि कृषि उत्पादकता और किसानों की आय में क्रांतिकारी बदलाव लाया जा सके। यह बयान हाल ही में एक प्रमुख टीवी चैनल पर प्रसारित साक्षात्कार में सामने आया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “हमारी प्रयोगशालाओं में वैज्ञानिकों द्वारा किए जा रहे शोध को किसानों तक पहुंचाने की जरूरत है। लैब और लैंड के बीच की दूरी को खत्म करना हमारा लक्ष्य है। इसके लिए हम ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ शुरू कर रहे हैं, जो 29 मई से 12 जून 2025 तक चलेगा। इस अभियान के तहत वैज्ञानिक, कृषि विशेषज्ञ और विभागीय अमला सीधे किसानों के खेतों तक पहुंचेगा।”
चौहान ने हाल ही में राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ एक बैठक में इस योजना पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस अभियान के जरिए न केवल उन्नत तकनीकों और बीजों को किसानों तक पहुंचाया जाएगा, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान भी तुरंत किया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के वैज्ञानिकों की तारीफ करते हुए कहा कि अगर उनकी रिसर्च को खेतों तक ले जाया जाए तो कृषि क्षेत्र में चमत्कार हो सकता है।
Also read- https://www.btnewsindia.com/cms-special-health-assistance-scheme-gives-new-life-to-farmer-in-rajnandgaon/ https://www.btnewsindia.com/fci-workers-protest-enters-third-day-in-rajnandgaon/
कृषि मंत्री ने यह भी बताया कि सरकार फर्टिलाइजर सब्सिडी को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए किसानों के खातों में पहुंचाने की संभावनाओं पर विचार कर रही है। इससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और सब्सिडी का दुरुपयोग रुकेगा।
इसके अतिरिक्त, चौहान ने सिंधु जल संधि के तहत भारत के हिस्से के पानी का उपयोग किसानों के हित में करने के लिए सरकार के हालिया निर्णय की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कदम देश के किसानों के लिए गेम-चेंजर साबित होगा।
‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के तहत हाल ही में नागपुर में आयोजित किसान सम्मेलन में भी चौहान ने किसानों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।