अजय चंद्राकर ने वीडियो जारी कर बताया धर्मांतरण नेटवर्क का कथित ‘किंगपिन’
Published on: August 08, 2026
By: BTNI
Location: Raipur, India
भगवान शंकर के शिवलिंग और हिंदू देवी-देवताओं को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद रायपुर में विवाद बढ़ गया। भाजपा और हिंदू संगठनों के अनुसार, हंसराज गोयल नाम के व्यक्ति ने फेसबुक पर शिवलिंग और अन्य देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट किया था। इस पोस्ट पर छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल ने कथित रूप से आपत्तिजनक कमेंट किया।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद भाजपा नेताओं और बजरंग दल सहित अन्य हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया। कार्यकर्ताओं ने अरुण पन्नालाल के घर का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन किया और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। बढ़ते विरोध के बीच पुलिस ने शुक्रवार देर रात अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दर्ज मामले में उन्हें कोर्ट में पेश किया गया और 14 दिन की न्यायिक हिरासत पर जेल भेज दिया गया। हंसराज गोयल की तलाश अभी भी जारी है।
इसी मामले को लेकर पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने एक वीडियो बयान में अरुण पन्नालाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अजय चंद्राकर ने साफ कहा कि अरुण पन्नालाल हिंदू से ईसाई धर्म में कथित धर्मांतरण कराने वाले नेटवर्क के “किंगपिन” (सरगना) हैं। उन्होंने राज्य सरकार से पन्नालाल की भूमिका, फंडिंग और आय के स्रोतों की गहन जांच कराने की अपेक्षा की है।
फिलहाल रायपुर में शिवलिंग को लेकर सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद, कथित आपत्तिजनक टिप्पणी, उसके विरोध में हुआ प्रदर्शन और अरुण पन्नालाल की गिरफ्तारी के बाद मामला चर्चा में है। अब पुलिस जांच से यह स्पष्ट होगा कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों का पूरा संदर्भ क्या था और लगाए गए अन्य आरोपों में कितनी सच्चाई है।
ALSO READ-
- Cleanliness Drive Held at Mohara River Under ‘Seva Mera Yogdan’ Initiative
- Vinayak Samiti, Mitra Mandal and Marwari Ganesh Add New Dimension to Sadar Bazaar Ganeshotsav
- Prioritise Children’s Nutrition and Health, Collector Tells Anganwadi Workers
- Collector Inspects Community Health Centre Somni, Directs Measures to Strengthen Healthcare Services
- Collector Directs Development of Sundara Mini Stadium as Better Sports Facility for Children and Youth



