छत्तीसगढ़ भाजपा में शोक की लहर
राजनांदगांव में आज शाम 5 बजे हुआ अंतिम संस्कार
Published on: March 09, 2026
By: BTNI
Location: Rajnandgaon, India
भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश के वरिष्ठ और सम्मानित नेता श्री सुरेश डुलानी के निधन से पार्टी संगठन और राजनीतिक जगत में शोक की लहर फैल गई है। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। सोमवार सुबह उनके निधन की खबर मिलते ही राजनांदगांव सहित पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच गहरा दुःख व्याप्त हो गया।
श्री डुलानी का जीवन पार्टी संगठन, समाज सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए समर्पित रहा। वे राजनांदगांव क्षेत्र के एक लोकप्रिय और सक्रिय नेता के रूप में जाने जाते थे। लंबे समय तक उन्होंने भाजपा के विभिन्न संगठनात्मक पदों पर जिम्मेदारियां निभाईं और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
छत्तीसगढ़ भाजपा के पुराने और अनुभवी नेताओं में शुमार श्री डुलानी ने संगठन विस्तार और चुनावी गतिविधियों में हमेशा सक्रिय भूमिका निभाई। राजनांदगांव जिले में उनकी सक्रियता और संगठन क्षमता के कारण भाजपा की पकड़ मजबूत हुई।
उनके निधन पर प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा,
“भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री सुरेश डुलानी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों और उनके सहयोगियों को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।”
डॉ. रमन सिंह ने दूरभाष के माध्यम से डुलानी परिवार के सदस्यों से भी बात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिवार को ढांढस बंधाया।
राजनांदगांव के सांसद संतोष पांडेय तथा रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्री डुलानी उनके परम सहयोगी और साथी थे। उनका जाना व्यक्तिगत क्षति के साथ-साथ पार्टी के लिए भी बड़ी क्षति है।
महापौर मधुसूदन यादव सहित युवा नेता अभिषेक सिंह, नीलू शर्मा सहित कई भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
उनके निधन की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में परिजन, मित्र, पार्टी कार्यकर्ता और शुभचिंतक उनके निवास श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे ।
श्री डुलानी ने अपने जीवन में पार्टी के प्रति निष्ठा, संगठन के प्रति समर्पण और समाज सेवा को सर्वोपरि रखा। भाजपा के लिए उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा। उनके निधन को पार्टी के एक मजबूत स्तंभ के चले जाने के रूप में देखा जा रहा है।
उनका अंतिम संस्कार आज यहां लखोली स्थित मुक्तिधाम में किया गया जिसमें भारी संख्या में उनके इष्टजन उपस्थित थे।



